साइबर सुरक्षा चैम्पियन 1️⃣ श्री धर्म सिंह ए डी ओ पंचायत जानसठ (मुजफ्फरनगर)
आज पूरा विश्व साइबर अपराधियों की चपेट में है. साइबर अपराधियों के हथकंडों के आगे पुलिस प्रशासन भी कभी कभी बेबस नजर आते हैं खास तौर पर तब जब लगातार जनता मे यह प्रचार प्रसार किए जाने पर भी - " कि किसी अनजाने लिंक पर क्लिक न करें, किसी अनजान नंबर पर रकम ट्रांसफ़र न करें, अनजान नंबर से आई WhatsApp वीडियो कॉल को न उठाएं," आदि आदि जनता फिर बेवकूफ़ बनतीं है और वही गलती दोहराती रहती है.
किन्तु ऐसा नहीं है कि पुलिस प्रशासन के ये प्रयास पूर्णरूप से विफल ही हो रहे हैं, जहां जनता समझदार हैं जागरूक है वहां सफ़लता का प्रतिशत बढ़ रहा है और साइबर अपराधियों को मुँह की खानी पड़ रही है.
अभी 8-9 दिन पूर्व ही जानसठ (मुजफ्फरनगर) के ए डी ओ पंचायत श्री धर्म सिंह जी के पास एक अनजान नंबर से कॉल आती है, अब सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन पर तो अधिकांशतया अनजान नंबर से ही कॉल आती है और उन्हें उठानी भी पड़ती है, इसलिए उन्होंने वह कॉल उठाई, फोन करने वाले ने धर्म सिंह जी से कहा कि आपका कूरियर आ गया है, ये सुनते ही धर्म सिंह जी ने कहा कि भाई कहाँ से आ गया कूरियर, मैंने तो कोई कूरियर नहीं मंगाया और यह कहकर फोन काट दिया, उस अनजान नंबर की कॉल फिर आई और उसने कहा कि आपका उसमें... कुछ रिजेक्ट हो गया है आप मेरे नंबर पर 5 रुपये भेज दीजिए जिससे वह एक्सेप्ट हो जाएगा, ये सुनकर फिर धर्म सिंह जी ने फोन काट दिया, उसके बाद चार बार कॉल फिर आई, WhatsApp पर मैसेज आया किन्तु धर्म सिंह जी किसी भी लालच मे नहीं आए और उसे 5 रुपये उसके फोन में ट्रांसफ़र नहीं किए और साइबर ठगी का शिकार होने से बच गए.
इस तरह से साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके आपराधिक इरादों को पस्त करने वाले धर्म सिंह जी वास्तव में साइबर सुरक्षा चैम्पियन हैं और पुलिस प्रशासन के द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सफ़लता तक पहुंचाने वाले जन जन के प्रेरणा स्रोत हैं.
साइबर अपराध की विभीषिका में ऐसे उदाहरण कम मिल रहे हैं किन्तु जितने भी मिल रहे हैं वे संग्रहणीय हैं, सराहनीय हैं. आपमें से जो कोई भी साइबर अपराधियों के इरादों को पस्त करने मे कहाँ तक सफल रहे हैं, हमें जरूर बताएं, पोस्ट के नीचे कमेन्ट कर,हम उन्हें साइबर सुरक्षा चैम्पियन के रूप मे प्रचारित करेंगे ताकि और लोगों को प्रेरणा मिले और उनके दिल से साइबर अपराधियों का डर कम हो.
सतर्क रहिए-सुरक्षित रहेंगे👍
द्वारा
शालिनी कौशिक
एडवोकेट
कैराना (शामली)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें