शामली में महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 13 लाख की ठगी
29 नवंबर 2026 की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शामली के मोहल्ला दयानंद नगर निवासी एक महिला को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर करीब 13 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और महिला के नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग की शिकायतें दर्ज होने और गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर उसे डराया। बच्चों को जेल भेजने और घर को नीलाम कराने की धमकी देकर अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़िता की तहरीर पर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
दयानंद नगर निवासी संध्या शर्मा ने साइबर थाने में दी तहरीर में बताया कि 31 अक्टूबर को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से पहले संदेश आया और फिर वीडियो कॉल की गई। कॉल करने वाले ने अपना नाम विजय तिवारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर एक अन्य मोबाइल नंबर पंजीकृत है, जिसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के संबंध में 17 शिकायतें दर्ज हैं।
आरोपी ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट होने की बात भी कही। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उन्हें यह जानकारी किसी अन्य व्यक्ति से साझा नहीं करने की हिदायत दी। ऐसा नहीं करने पर उन्हें और उनके बच्चों को जेल भेजने, घर नीलाम कराने और बच्चों का भविष्य खराब करने की धमकी दी। इससे वह बुरी तरह घबरा गईं और आरोपी के कहने पर खुद को कमरे में बंद कर लिया।
साइबर ठगों के दबाव में आकर उन्होंने 10 नवंबर को नौ लाख रुपये, 18 नवंबर को करीब दो लाख रुपये और 25 नवंबर को करीब दो लाख रुपये, कुल मिलाकर 13 लाख रुपये बैंक जाकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अह्सास होने पर रुपये वापस दिलाने की मांग करते हुए संध्या शर्मा ने 26 नवंबर को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने के लिए अखबार पढ़ें, समाचार देखें, शालिनी कौशिक एडवोकेट द्वारा लिखी "क्राइम का चक्रव्यूह-साइबर क्राइम-एक समग्र अध्ययन" पुस्तक पढ़ें, 1930 पर कॉल करे और cyber shalini you tube channel से जुड़ें.
सतर्क रहें सुरक्षित रहेंगे - धन्यवाद 🙏🙏
द्वारा
शालिनी कौशिक
एडवोकेट
कैराना (शामली)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें